चक्रधरपुर रेल मंडल के बांसपानी स्टेशन पर पिछले दिनों ग्रामीणों के हमले में घायल आरपीएफ जवान शमशेर कुमार सिंह (25 वर्ष) की मौत हो गई है. शमशेर बिहार के मुंगेर जिला के लक्ष्मणपुर प्रखंड के तेघड़ा गांव के रहने वाले थे. मृत जवान को आज 11.30 बजे टाटानगर में अंतिम सलामी दी जाएगी. इसके बाद उनके शव को पैतृक गांव भेजा जायेगा. उल्लेखनीय है कि मंगलवार 12 अक्टूबर की रात बांसपानी स्टेशन पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने कुदाल, बेलचा, साबल, चाकू व अन्य हथियार लेकर बांसपानी स्टेशन पर धावा बोला और स्टेशन मास्टर के केबिन में तोड़फोड़ की. ग्रामीणों का आरोप था कि आरपीएफ की पिटाई से एक ग्रामीण की मौत हो गयी है. वहीं हमलावर ग्रामीणों को देखकर वहां ड्यूटी तैनात स्टाफ स्टेशन छोड़कर भाग गए. इस दौरान ग्रामीणों ने आरपीएफ बैरेक को भी निशाना बनाया और 6 जवानों पर हमलाकर उन्हें भी जख्मी किया. हमले में दो जवान बुरी तरह जख्मी हुए, जबकि 4 अन्य जवानों को भी गम्भीर चोट आयी थी. सभी को जोड़ा स्थित टाटा स्टील के अस्पताल में भर्ती किया गया था. जबकि गंभीर रूप से जख्मी दो जवानों को टीएमएच रेफर कर दिया गया था. उनमें से एक जवान की रविवार को मौत हो गयी है. उसके शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। घटना को लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम मनीष पाठक ने प्रेस को बताया था कि बांसपानी में मंगलवार की रात 150 से 200 हथियारबंद अराजक तत्वों ने धावा बोला और जमकर तोडफोड़ की. इस हमले में रेलवे को करोड़ों रुपए की क्षति पहुंची है. एक अनुमान के मुताविक 13.25 लाख रुपए से अधिक के उपकरण और सामान नष्ट हुए हैं. जबकि पांच घंटे तक यातायात ठप होने से रेलवे को राजस्व के तौर पर एक करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ. घटना के सम्बंध में अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ जोड़ा थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
No comments:
Post a Comment