Thursday, August 5, 2021

मास्क के लिए टोकने पर युवक ने अधिकारी को किया घायल,युवक गिरफ्तार।


सिमडेगा शहर के नीचे बाजार में कोविड-19 टेस्ट के लिए लगे शिविर के पास प्रतिनियुक्त प्रशिक्षु उपसमाहर्ता अधिकारी पर एक युवक ने हमला कर दिया। बाइक बनाने के औजार से किये गए हमले में अधिकारी का सिर फट गया। बताया जा रहा है कि जहां शिविर लगा था उसी के बगल में युवक मिस्त्री का काम करता है। उसने भी मास्क नहीं लगाया था। मास्क के लिए टोकने पर ही वह आग बबूला हो गया और अधिकारी पर हमला कर दिया। 

 घायल अधिकारी को तुरंत सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने अधिकारी के माथे में लगी चोट की स्टिचिंग की। चिकित्सकों ने सीटी स्कैन की सलाह दी। इसके बाद उन्हें तुरंत एंबुलेंस से एसएमसी बीरू भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओ महेंद्र कुमार और थाना प्रभारी दयानंद कुमार भी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भाग रहे युवक अनिल को गिरफ्तार करते हुए उसके एक साथी को भी हिरासत में लिया है। एसडीओ ने कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है।जिला प्रशासन द्वारा कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर कोरोना जांच शिविर लगाया है। इसी के तहत नीचे बाजार में भी कैंप लगा है। अधिकारी किशोरी यादव बिना मास्क पहने घूम रहे लोगों को टोक रहे थे। कैंप के बगल में ही गैरेज चलाने वाला मोटर मिस्त्री अनिल तिर्की ने भी मास्क नहीं लगाया था। इस पर अधिकारी किशोरी यादव ने टोका तो अनिल तिर्की से उलझ गया। अनिल ने किशोरी यादव के साथ बहस करते हुए लोहे के औजार से उनके सिर पर दे मारा। सिर पर चोट लगने से खून बहने लगा और अधिकारी सड़क पर गिर गए। 
जब तक वहां पर मौजूद पुलिस कुछ समझ पाती आरोपी वहां से भाग खड़ा हुआ। घटना की जानकारी एसडीओ को फोन से दी गई। प्रशिक्षु उप समाहर्ता किशोरी यादव पर हमले की खबर से खलबली मच गई। सदर थाना प्रभारी दयानंद कुमार को पता चला कि अनिल तिर्की ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में मेरोमडेगा की ओर भाग रहा है। पुलिस ने पीछा करते हुए अनिल को मेरोमडेगा गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया।

No comments:

Post a Comment